मुंबई। फिल्म मेकर फराह खान कुंदर की 12 वर्ष की बेटी अन्या के बनाए स्केच 1000 रुपए में बेचे जाएंगे। इससे मिले पैसों से आवारा पशुओं और बेघरों को भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। देशभर में लॉकडाउन के चलते पशुओं और बेघरों के सामने आए भोजन के संकट से बचाने की अन्या की इस मुहिम को कई बॉलीवुड सेलेब्स ने ना केवल सराहा है बल्कि अपना योगदान देने की बात भी कही है।
फराह ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी। फराह के अनुसार एक्ट्रेस तब्बू, साजिया गोवारिकर, आरती शेट्टी और फिल्म समीक्षक राजीव मसंद ने इस स्केच के लिए एडवासं आर्डर दिया है। इनके बाद बॉलीवुड के कई सेलेब्स ने अन्या के बनाए स्केच की डिमांड की है।
इनमें मनीष पॉल, महीप कपूर, सानिया मिर्जा, अदिती राव हैदरी, सोनू सूद, ताहिरा कश्यप, शमिता शेट्टी और अभिलाषा शर्मा सहित कई सेलेब्स के नाम शामिल हैं। फराह ने आर्डर देने वाले सभी लोगों से उनके पालतू डॉगी की फोटो मंगवाई है। फोटो देखकर अन्या स्केच बनाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले अन्या अपने पिगी बैंक (गुल्लक) के पैसों से भूखे डॉगीज के लिए एक सप्ताह का खाना उपलब्ध करवा चुकी हैं।