नई दिल्ली। महाराष्ट्र ( Maharashtra ) से बड़ी खबर सामने आ रही है। अहमदनगर ( Ahmednagar ) जिले की एक जेल से पांच कैदी फरार हो गए हैं। इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि पांच आरोपी अलग-अलग मामलों में जेल में बंद थे। इनमें किसी पर हत्या का तो किसी पर रेप का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, अहमदनगर जिले की कर्जत जेल से 5 कैदी फरार हो गए हैं। सभी कैदी जेल की छत को तोड़कर भागे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने लॉकअप की लकड़ी की छत को तोड़ कर फरार हुए हैं। बताया जा रहा है कि भागे गए आरोपियों को पकड़ने के लिए 5 टीमें बनाई गई हैं। फरार हुए कैदियों में ज्ञानेश्वर तूकराम कोल्हे आर्म्स एक्ट का आरोपी, अक्षय रामदास राउत हत्या का आरोपी, मोहन कुण्डलिक भोरे हत्या का आरोपी, चंद्रकांत महादेव राउत हत्या का आरोपी, जबकि लक्ष्मण जगताप बलात्कार का आरोपी था।
गौरतलब है कि हाल ही में ऐसी ही एक घटना फरवरी में उच्च सुरक्षा वाले अमृतसर केंद्रीय कारागार में हुई थी। यहां से तीन विचाराधीन कैदी जेल तोड़कर भाग गए थे। कहा गया कि करीब 16 फुट ऊंची अंदर की दीवार को एक-दूसरे के ऊपर चढ़कर फांदा, जबकि करीब 21 फुट ऊंची बाहर की दीवार को स्टील की एक छड़ और गद्दे के कवर से हुक बनाकर फांदा था। फिलहाल, पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। इधर, इस घटना से जेल अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।